आगामी मानसून के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने आपदा तैयारियों की समीक्षा कर सभी विभागों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय स्थित एन.आई.सी सभागार में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन एवं मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा एन.एच को संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक मशीनरी एवं मानव संसाधन की उपलब्धता, विद्युत एवं पेयजल विभाग को किसी भी आपात स्थिति होने पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों एवं चिकित्सा टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही राजस्व, पुलिस, पूर्ति एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी 24×7 सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
