28 जुलाई को ऊखीमठ में लगेगा ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर,
सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 28 जुलाई को विकास खंड ऊखीमठ में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसंवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ आरपी नैथानी करेंगे।

जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता आरपी नैथानी ने बताया कि यह बैठक 28 जुलाई को प्रातः 11 बजे से होगी। इसमें क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ ले सकें।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ही जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना है।
अधिशासी अभियंता ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने की अपील की है, जिससे प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखें।
