सितारगंज। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को सितारगंज नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी शान और शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में शहर व आसपास के नगरीय क्षेत्र से हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने शामिल होकर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी का इजहार किया। जुलूस में बड़ी संख्या में हाजी, उलेमा, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल रहे।
जुलूस की अगुवाई हाजियों के काफिले के साथ जामा मस्जिद के इमाम और उलेमाओं ने की। बुधवार सुबह जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी का आगाज हुआ। जुलूस निर्धारित मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। इस दौरान लोगों ने धार्मिक नारों के साथ जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशी मनाई। जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन और पेय पदार्थ ग्रहण किया।
हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग हुए शामिल, जगह-जगह हुआ लंगर वितरण
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मंगलवार रात से ही नगर में उत्साह का माहौल रहा। शहर के विभिन्न हिस्सों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। जगह-जगह रोशनी और सजावट की गई, जिससे देर रात तक बाजार व प्रमुख मार्ग रोशनी से जगमगाते रहे। जेल कैंप रोड स्थित न्यू जनता इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप पर अबरार पटौदी, इकरार पटौदी और पत्रकार हनीफ बाबा की ओर से देर रात तक चाय के लंगर का वितरण किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर चाय का प्रसाद ग्रहण किया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाल सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। वरिष्ठ उप निरीक्षक जावेद मलिक के नेतृत्व में पुलिस ने जुलूस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जुलूस में हाजी शमशुल हक मलिक, हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद, सरफराज राजू, हसनैन मलिक, अख्तियार पटौदी, सैयद हाजी मुन्ने मियां, जिलानी अंसारी, सैयद मोहसिन मियां, हनीफ बाबा, अबरार पटौदी, जाहिद मलिक, आजम मलिक, शाहनवाज हुसैन, सैयद आसिफ मियां, शादाब इदरीसी, मिन्हाज मलिक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान नगर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। आयोजकों ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं के बीच जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
