पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज पौंठी में समर कैंप के दौरान SIR जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रुद्रप्रयाग जनपद के पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज पौंठी में आयोजित समर कैंप के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के सदस्य छात्र-छात्राओं द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं अभिभावकों को SIR के अर्थ, उद्देश्य एवं प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अभिभावकों के समक्ष पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, प्रेरणादायक भाषण एवं लघु नाटिका प्रस्तुत कर SIR की महत्ता को प्रभावी ढंग से समझाया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से मतदाता सूची के पुनरीक्षण, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जागरूक नागरिक की भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत लघु नाटिका में दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। छात्र-छात्राओं ने अभिभावकों को बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जानकारी संकलित की जाती है तथा नागरिकों का सहयोग इस प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ELC सदस्यों ने उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित करें।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
